सागर (sagarnews.com)। सागर जिले में खाद का संकट गंभीर रूप धारण करता जा रहा है। एक ओर जिला प्रशासन दावा कह रहा है कि खाद की कमी नहीं है लेकिन दूसरी ओर किसान अब परेशान होकर सड़कों पर उतरने लगे हैं। जिले में मंगलवार को सुबह से कई जगहों किसानों के धरना प्रदर्शन की सूचनाएं आ रही है।
बंडा में नाराज किसानों ने सागर कानपुर राजमार्ग पर चौकी के सामने रास्ता रोक कर यातायात बंद करवा दिया और धरने पर बैठ गए। किसानों के प्रदर्शन के कारण राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
दूसरी ओर बीना से खबर है कि नाराज किसानों ने रेल की पटरियों पर बैठ कर ट्रेन को रोका और खाद नहीं मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया। पुलिस ने मौके पर जाकर किसानों को हटाया। तहसीलदार ने किसानों को दो दो बोरी खाद तत्काल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने धरना बंद किया।
किसानों का आरोप है कि प्रशासन उनसे झूठ बोल रहा है और मध्य प्रदेश के कोटे की खाद उत्तर प्रदेश भेजी जा रही है इसलिए संकट बना हुआ है। कलेक्टर ने माना कि खाद नहीं पहुंच पाई है लेकिन स्थानीय तहसीलदार उन्हें गलत सूचनाएं देकर गुमराह कर रहे हैं।
सागर में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, धरना दिया
इससे पहले सोमवार को बंडा के विधायक तरवर सिंह की अगुवाई किसानों ने जिला कलेक्टर कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया। कलेक्टर दीपक आर्य ने किसानों के नेताओं से बात की और खाद की दो दिन में व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। विधायक ने आरोप लगाया कि सागर जिले की खाद टीकमगढ़ भेजी जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम संबोधित एक ज्ञापन भी कलेक्टर को सौंपा। पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी भी उपस्थित थे।
For latest sagar news right from Sagar (MP) log on to Daily Hindi News डेली हिंदी न्यूज़ के लिए डेली हिंदी न्यूज़ नेटवर्क Copyright © Daily Hindi News 2021