भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, पुलिस का लाठी चार्ज, गाड़ियों में तोड़फोड़, कई घायल

ky-bjp-cong

घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, खुरई टीआई निलंबित, मौके पर पहुचे मंत्री भूपेंद्र सिंह को देनी पड़ी सफाई, बोले धरने पर नहीं आया कार्यकर्ताओं के आक्रोश को देखते हुए धरना समाप्त कराने आया

ky-crowd

सागर (sagarnews.com)। खुरई में गुरुवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदर्शन की जानकारी लगते ही कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक भूपेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इस घटना निंदा की।

ky-police

यह पूरा मामला 17 जनवरी को खुरई में सेल्फी पॉइंट तोड़ने से जुड़ा था। जिस घटना के बाद पुलिस ने 8 लोगों पर मामला दर्ज किया था। इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। भाजपा कार्यकर्ता भी वहां पहुँच गए और अचानक हालात बेकाबू हो गए। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

khurai-bhupendra

इस दौरान मची भगदड़ और मारपीट में कुछ लोग घायल हुए। गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। जानकारी मिलने के बाद मंत्री भूपेंद्र सिंह भी खुरई पहुंच गए। उन्होंने कांग्रेसियों पर भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट का आरोप लगाते हुए एफआइआर दर्ज करने की मांग की और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए।

वास्‍तव में झूठा मामला दर्ज करने के विरोध में भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तहसील कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंचे थे। तभी दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस की बार-बार अपील के बावजूद जब वे नहीं माने तो पुलिस ने सबको हटाने के लिए लाठी भांजीं।

इसके बाद वहां भगदड़ मच गई और दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए बिना मालथौन बांदरी सहित आसपास के थाने से अतिरिक्त बल को भी मौके पर तैनात किया गया। पुलिस अधीक्षक तरुण नायक सहित पूरा प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया।

कांग्रेसियों पर दर्ज हो मामला : मंत्री

नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह के अनुसार कुछ लोगो ने सैल्फी पाइंट तोड़ दिया था। जिसेे लेकर कार्यकर्ता ज्ञापन देने जा रहे थे। इस दौरान कुछ गुंडों और कांग्रेस के लोगों ने उन पर हमला किया। जिसमें भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से घटना का ब्यौरा लिया।

कुछ देर बाद मंत्री सिंह ने मुख्यमंत्री को घटना की जानकारी दी। सिंह ने बताया कि पूरी घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी हो गए हैं। जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ एफआईआर होगी और गिरफ्तारी होगी। जिन पुलिस कर्मियों ने मारपीट की है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। मंत्री ने बताया कि खुरई टीआई को तत्काल निलंबित कर दिया गया है।

मंत्री भूपेन्द्र सिंह अस्पताल पहुंचे और घायल भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनके उपचार के निर्देश दिये। सिंह ने कहा कि लगभग 150 भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कई कार्यकर्ता अस्पताल में भर्ती हैं। तहसील परिसर में पथराव किया गया। 

कांग्रेस करेगी विरोध प्रदर्शन

दूसरी ओर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी ने घटनाक्रम की कड़ी निंदा की। उन्‍होंने एक बयान में कहा कि भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ वरिष्ठ नेता अरुणोदय चौबे तथा ग्रामीण अध्यक्ष स्वदेश जैन के नेतृत्व में खुरई में आयोजित शांतिपूर्ण व अहिंसक कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पथराव कर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को घायल कर दिया। पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत से हुई इस सुनियोजित हिंसा से सरकार और भाजपा का फासिस्टवादी चेहरा उजागर हुआ है। उन्‍होंने कहा कि सरकार और भाजपा की इस नीति के खिलाफ कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतर कर विरोध करेगी तथा 01 फरवरी से जिले के हर वार्ड में प्रदर्शन करेगी। प्रशासन की मिलीभगत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर किए गए हिंसक हमले का जवाब देने जिले भर के कांग्रेसी एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस पार्टी घर घर जाकर भाजपा की फासिस्टवादी तथा लोकतंत्र विरोधी नीतियों का पर्दाफाश करेगी।

विनम्र अनुरोध : कृपया वेबसाइट के संचालन में आर्थिक सहयोग करें

For latest sagar news right from Sagar (MP) log on to Daily Hindi News डेली हिंदी न्‍यूज़ के लिए डेली हिंदी न्‍यूज़ नेटवर्क Copyright © Daily Hindi News 2021