Model Ward को मिलेंगे 50 हजार रुपए: मंत्री भूपेंद्र सिंह

model-ward

सागर (sagarnews.com)। Model Ward नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पहली बार जीत कर आने वाले पार्षदों को निगम की कार्यशैली से अवगत कराने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा, साथ ही नगर निगम के Model Ward को विभाग द्वारा 50 हजार रुपए विकास कार्य के लिए दिए जाएंगे। वे रविवार को मोती नगर स्थित पद्माकर सभागार में भाजपा कार्यकर्ता आभार सभा को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंदसिंह राजपूत, सांसद राजबहादुर सिंह, विधायक शैलेंद्र जैन, महापौर संगीता तिवारी, नवनिर्वाचित पार्षद और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार निकाय में मनोनीत होने वाले एल्डरमैन को भी MIC में लेने पर विचार कर रही है। मंत्री भूपेंद्र सिंह ने सभी वार्ड पार्षदों से अपने अपने यहां के आवास हीन हितग्राहियों की सूची 15 दिन में तैयार कर निगम के माध्यम से सरकार को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी मकान विहीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराया जाएगा। मंत्री श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि विभाग का मंत्री होने के नाते मैं सप्ताह में एक दिन सागर नगर में दौरा करूंगा। जहां भी जो काम होंगे हम सब मिलकर काम करेंगे।

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सागर भाजपा का अजेय गढ़ है और अजेय रहेगा। इस विश्वास को भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पूरा कर दिखा दिया। हममें से किसी को इस भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि यह किसी की व्यक्तिगत जीत है। प्रत्याशी तो निमित्त मात्र थे, कमल का निशान और पार्टी चुनाव में थी जिनके प्रति प्रत्येक कार्यकर्ता की प्रतिबद्धता, आस्था और समर्पण अतुलनीय है। यह भाजपा और विकास की जीत है।

राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा की जीत सुनिश्चित थी, क्योंकि भाजपा में चुनाव केवल प्रत्याशी नहीं बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता लड़ता है। मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण जनमानस प्रभावित है और भाजपा को जीत मिली है।

विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि यह चुनाव मेरे लिए बहुत ही कठिन था। परिवार और पार्टी के बीच मैंने अपनी पार्टी को मां मानकर कार्य किया और जनता के सहयोग से इस धर्मयुद्ध में मुझे और भाजपा को जीत मिली। मैं दिन रात अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा रहूंगा और मेरे यहां से काेई कार्यकर्ता निराश होकर नहीं लौटेगा।

महापौर ने अपनी जीत पर मंत्री व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने कहा कि आधी रात में भी मंत्री श्री सिंह ने एक घंटी में फोन रिसीव किया और समस्याओं का निराकरण किया। इस दौरान बीना विधायक महेश राय, खनिज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह मोकलपुर, सांसद राजबहादुर सिंह, पूर्व मंत्री नारायण कबीर पंथी, सुधा जैन, लता वानखेड़े, प्रभुदयाल पटैल, श्याम तिवारी, लक्ष्मण सिंह, नेवी जैन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

विनम्र अनुरोध : कृपया वेबसाइट के संचालन में आर्थिक सहयोग करें

For latest sagar news right from Sagar (MP) log on to Daily Hindi News डेली हिंदी न्‍यूज़ के लिए डेली हिंदी न्‍यूज़ नेटवर्क Copyright © Daily Hindi News 2021