सागर (sagarnews.com)। Sagar Smart City में स्मार्ट प्रौद्योगिकीय सॉल्यूशंस अपना कर किए गए नवाचारों के लिए सागर स्मार्ट सिटी को स्मार्ट सॉल्यूशंस चैलेंज एंड इनक्लूसिव सिटीज अवार्ड 2022 प्रदान कर सम्मानित किया गया। अवॉर्ड समारोह का आयोजन नई दिल्ली में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य आतिथि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सागर स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक चंद्रशेखर शुक्ला एवं सीईओ श्री राहुल सिंह राजपूत को पुरस्कार प्रदान किया।
यूनाइटेड नेशंस इंडिया, एनआईयूए, नीति आयोग और आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय द्वारा स्मार्ट सॉल्यूशंस चैलेंज एंड इनक्लूसिव सिटीज अवॉर्ड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता के प्रथम चरण में सागर स्मार्ट सिटी का भी चयन हुआ था। यूनाइटेड नेशन एवं यूएन हैबिटेट के प्रतिनिधियों ने पाया की सागर स्मार्ट सिटी एवं बेलगावी स्मार्ट सिटी में जेंडर एंड डिसेबिलिटी समावेशन के सभी आवश्यक मापदंडों पर बेहतर कार्य किया गया है।
देश की 100 स्मार्ट सिटीज में से सागर सहित 2 स्मार्ट सिटीज द्वारा जेंडर एंड डिसेबिलिटी समावेशन पर किए गए कार्यों की सराहना कर पुरस्कृत किया गया। इसके तहत भारतीय शहरों को अधिक सुलभ और सभी के लिए समावेशी बनाने के लिए तकनीकी समाधानों को अपनाकर विशेषतः विकलांग व्यक्तियों, महिलाओं, लड़कियों और बुजुर्गों के लिए समावेशी, सुलभ, सुरक्षित और बेहतर शहर विकसित करने के लिए स्मार्ट नवाचारों, विचारों, तकनीकी समाधानों आदि को समाहित कर किए गए कार्यों को पुरस्कृत किया गया।