सागर (sagarnews.com)। OBC Mahasabha के साथ भीम आर्मी व अन्य संगठनों ने कजलीवन मैदान में रविवार को बंडा क्षेत्र में हुए दुष्कर्म के आरोपी को फांसी देने सहित अन्य मांगों को लेकर सभा का आयोजन किया। सभा सुबह 11 बजे से आयोजित की गई थी, लेकिन तेज वर्षा के चलते यह लेट शुरू हुई। सभा को देखते हुए सागर नगर के अलावा सागर जिले के भी पुलिस बल को बुलाया गया था।
नगर में जगह-जगह भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। दोपहर तीन बजे के करीब भाजपा से निष्काषित हुए नेता प्रीतम लोधी सभा में शामिल हुए। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी की अधिकार की लड़ाई जारी रहेगी। बंडा के पास खजरा में हुए दुष्कर्म के आरोपी को सख्त सजा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैंने सभी पार्टियों के मंच देखे हैं। मंचों पर ऊंची जातियों के लोग बैठे रहते हैं और हम लोग नीचे बैठते हैं।
उन्होंने कहा कि मेरे परिवार ने तीन पीढ़ियों से पार्टी का काम किया, लेकिन पार्टी ने परिवार के किसी भी सदस्य को मंडल का भी पदाधिकारी नहीं बनाया। हम सबको मिलकर चिंगारी को तूफान बनाना है। कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने शिवराज सरकार को जमकर कोसा। साथ ही बंडा में दुष्कर्म के मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान हुए पुलिस के लाठीचार्ज पर भी विरोध जताया।
साधना भारती ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि खजरा निवासी दुष्कर्म के आरोपी अरुण मिश्रा के मकान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुल्डोजर चलवाएं। कोर्ट में जल्द से जल्द सुनवाई कराके आरोपी को फांसी की सजा दिलाएं एवं दुष्कर्म पीड़िता को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देंं।
For latest sagar news right from Sagar (MP) log on to Daily Hindi News डेली हिंदी न्यूज़ के लिए डेली हिंदी न्यूज़ नेटवर्क Copyright © Daily Hindi News 2021