सागर (sagarnews.com)। बुंदेलखंड के मशहूर लांक कलाकार और पद्मश्री से सम्मानित राम सहाय पांडे का मंगलवार को यहां एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनकी आयु लगभग 97 वर्ष थी। उनके निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख जताया है।
दुनियाभर में लोकप्रिय बुंदेलखंड के राई नृत्य में उनके योगदान के लिए साल 2022 में उन्हें पद्मश्री सम्मान दिया गया था। रामसहाय पांडे ने दुनिया के कई देशों में राई नृत्य की प्रस्तुतियां दी थी। उन्होंने 24 देशों में अपनी कला का प्रदर्शन किया।
वे लंबे समय से बीमार थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार वयोवृद्ध पांडे को कल ही एक निजी अस्पताल मे उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। अंतिम संस्कार आज दोपहर कनेरादेव मे किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निधन पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘बुंदेलखंड के गौरव, लोकनृत्य राई को वैश्विक पहचान दिलाने वाले लोक कलाकार पद्मश्री श्री रामसहाय पांडे जी का निधन मध्यप्रदेश और कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। लोक कला एवं संस्कृति को समर्पित आपका सम्पूर्ण जीवन हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा।
रामसहाय पांडे का जन्म 11 मार्च 1933 को सागर जिले के मड़धर पाठा गांव में हुआ था। उनके पिता किसान थे और वे चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उन्होंने पहली बार 14 साल की उम्र में एक मेले में राई नृत्य देखा तो उसका अभ्यास करना शुरू कर दिया। पिता की मृत्यु के बाद उनके भाई ने उन्हें राई नृत्य करने के चलते घर से निकाल दिया। लेकिन इससे उनकी राई के प्रति दीवानगी कम नहीं हुई।
For latest sagar news right from Sagar (MP) log on to Daily Hindi News डेली हिंदी न्यूज़ के लिए डेली हिंदी न्यूज़ नेटवर्क Copyright © Daily Hindi News 2025