सागर (sagar news)। जिले के दो दिग्गज नेता कैबिनेट मंत्री बनने के बाद रविवार को अपने गृहनगर लौटे तो समर्थकों ने उनका जबर्दस्त स्वागत किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल भार्गव और भूपेंद्र सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में जगह दिलाने के लिए शिवराजसिंह चौहान को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ा।
यह बात दोनों नेताओं के साथ अब उनके समर्थकों को भी मालुम है। इसीलिए मंत्री बनने के बाद जब दोनों वास लौटे तो उनका समर्थकों ने जमकर स्वागत किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी दोनों मंत्रियों से भेंट की।
गढ़ाकोटा में मंत्री गोपाल भार्गव के घर पर तमाम वरिष्ठ अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा। संभाग आयुक्त जेके जैन, पुलिस महानिरीक्षक अनिल शर्मा, कलेक्टर दीपक सिंह और जिला पुलिस अधीक्षक अमित सांघी सभी ने उनके घर जाकर मुलाकात की। भार्गव ने अधिकारियों से विकास योजनाओं की जानकारी ली।
गोपाल भार्गव ने गढ़ाकोटा में पीपल घाट पर प्राचीन गणेश मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बादवे पार्टी के कार्यकर्ताओं से मिले। उन्होंने कहा कि 15 महीने के बाद प्रदेश में फिर से अच्छे दिन आ चुके हैं।
मंत्री बनने के बाद सागर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने खूब आतिशबाजी भी चलाईं। संभाग आयुक्त जेके जैन, पुलिस महानिरीक्षक अनिल शर्मा, कलेक्टर दीपक सिंह और जिला पुलिस अधीक्षक अमित सांघी सभी ने सिंह से सौजन्य भेंट की और जिले में कोरोना नियंत्रण के कार्यों के बारे में बताया।
सागर न्यूज़ नेटवर्क Copyright © Sagar News 2020