Chhatarpur News छतरपुर के बसपा नेता की गोली मारकर हत्या, समर्थकों ने थाने पर जाकर मचाया हंगामा

bsp-leader-mahendra-gpta

सागर (sagarnews.com)। Chhatarpur News: छतरपुर में बहुजन समाजवादी पार्टी नेता महेंद्र गुप्ता की हत्या के बाद मंगलवार को समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। समर्थकों ने ईशानगर थाने का घेराव करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कुछ महिलाओं ने थाने पर पत्थर भी बरसाए। मामला बिगड़ता देख एएसपी विक्रम सिंह परिहार पहुंचे और धरना दे रहे लोगों को शांत कराया। सूत्रों के अनुसार हत्या की वजह पुरानी रंजिश की ओर संकेत दे रही हैं।

महेंद्र गुप्ता की सोमवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुप्‍ता को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित गजराज मैरिज गार्डन में उस वक्‍त गोली मारी गई जब वह एक विवाह कार्यक्रम में आया था। मोटरसाइकिल सवार कुछ बदमाशों ने उसके सिर में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शव को जिला अस्पताल लाया गया। सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।


महेंद्र गुप्ता बहुजन समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता थे और पिछले 2 बार से बीएसपी की टिकट पर बिजावर विधानसभा से चुनाव लड़ चुके थे। महेंद्र गुप्ता पूर्व में ईशानगर से सरपंच भी रहे हैं। यही वजह है कि गांव के आस-पास महेंद्र गुप्ता की अच्छी पकड़ थी। दलित समाज में महेंद्र गुप्ता के अच्छे खासे समर्थक थे।

महेंद्र गुप्ता के समर्थन में प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि वह गरीबों के नेता थे और हमेशा दलित और गरीबों के लिए खड़े रहते थे। महिलाओं का यह आरोप है कि जब उनके नेता की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई तो उनके और उनके परिवार के साथ कभी भी कुछ भी हो सकता है।

परिजनों के अनुसार महेंद्र गुप्ता पिछले कई वर्षों से बुलेट प्रूफ जैकेट पहन कर ही घर से निकलते थे। हमलावरों को भी यह बात पता थी। इसी वजह से हमलावरों ने महेंद्र गुप्ता के सिर में गोली मारी। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने बताया सिर में एक गोली और कई छर्रे मिले हैं।

विनम्र अनुरोध : कृपया वेबसाइट के संचालन में आर्थिक सहयोग करें

For latest sagar news right from Sagar (MP) log on to Daily Hindi News डेली हिंदी न्‍यूज़ के लिए डेली हिंदी न्‍यूज़ नेटवर्क Copyright © Daily Hindi News 2023